सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए कुल 4798 आवेदन पत्र प्राप्त किये गये हैं। अलावा इसके मतदाताओं का इपिक नंबर प्राप्त करने के अभियान में कुल 3791 मतदाताओं का नंबर प्राप्त किया गया। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 25 फरवरी को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत आठ फरवरी तक स्नातक कक्षा में तीन साल पूर्ण उत्तीर्ण हुए लोगों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त किये गये। निर्धारित अवधि के अंदर कुल 4798 लोगों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन दिया। अलावा इसके 3791 मतदाताओं का इपिक नंबर इस अभियान के दौरान प्राप्त किया गया। संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 243 आवेदन मतदाता सूची में नाम काटने के लिए प्राप्त किये गये। जबकि कई मतदाता पुनरीक्षण के दौरान मृत पाए गये। ज्ञातव्य है कि सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पांच जिले शामिल हैं। इनमें गोपालगंज जिले में कुल मतदाताओं की संख्या पर्व में 8202 थी। इन संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12 हजार के पार पहुंचने की संभावना है।
सदर प्रखंड में आए सर्वाधिक आवेदन
मतदाता सूची में नए नामों को जोड़ने के लिए सबसे अधिक आवेदन सदर प्रखंड में आए हैं। यहां पूर्व से भी मतदाताओं की संख्या अकेले 1907 थी। जबकि संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सदर प्रखंड में 821 लोगों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र 18 भरा है।
कहां आए कुल कितने आवेदन
प्रखंड नए आवेदन
बैकुंठपुर 332
सिधवलिया 205
बरौली 518
मांझा 236
गोपालगंज 821
कुचायकोट 353
थावे 119
उंचकागांव 237
हथुआ 664
फुलवरिया 395
भोरे 463
पंचदेवरी 86
कटेया 240
विजयीपुर 129
कुल 4798