उग्र लोगों ने स्वास्थ्य केन्द्र में की तोड़फोड़

आग में झुलसे युवक की इलाज के दौरान बरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में हुई मौत के बाद भड़के ग्रामीणों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को घंटों समझाकर शांत कराया।

जानकारी के अनुसार प्रखंड के रतनसराय गांव में तेज पछिया हवा के बीच विद्युत तार अचानक टूटकर गिर गया। आग बुझाने के चक्कर में गांव के भुवन शर्मा का 21 वर्षीय पुत्र सुनिल कुमार बुरी तरह से झुलस गया। तत्काल उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान सुनिल के परिजनों से विलंब से इलाज करने को लेकर चिकित्सक से नोकझोंक हुई। युवक की मौत के बाद परिजन अचानक आक्रोशित हो गये तथा अस्पताल में बवाल शुरु हो गया। अस्पताल में उग्र लोगों ने तोड़फोड़ मचाई तथा सड़क पर हंगामा करते रहे। हंगामे के कारण अस्पताल में काफी देर तक अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। इस संबंध में चिकित्सक डा. शाहिद नजमी ने पूछे जाने पर बताया कि सुनिल को मृत अवस्था में ही अस्पताल में आया था। बाद में परिजन और कुछ ग्रामीण अस्पताल में आकर तोड़फोड़ करना शुरु कर दिये है। अस्पताल में हंगामा व तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर बीडीओ व सीओ के अलावा पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गये तथा उग्र लोगों को समझाकर शांत कराया। उधर इस घटना के बाद ग्रामीणों ने घंटों रतनसराय के समीप बरौली-सरफरा मुख्य पथ को जाम किया। जिसके कारण आवागमन बाधित रहा।

Ads:






Ads Enquiry