शुक्रवार की रात्रि सूबे के स्वास्थ्य मंत्री के जिला मुख्यालय में पहुंचने के बाद सदर अस्पताल की लचर व्यवस्था पूरी तरह से चुस्त व दुरुस्त दिखी। मंत्री का आगमन क्या हुआ, यहां की पूरी व्यवस्था ही शनिवार को बदली-बदली नजर आयी। बेड से लेकर मरीजों को उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाएं तक एकदम व्यवस्थित रही। पूरे दिन अस्पताल में ऐसी ही व्यवस्था रही। ऐसे में मरीज भी यह बोलने को विवश हो गये कि काश, मंत्री जी यहां रोज आते।
शुक्रवार की शाम सूबे के स्वास्थ मंत्री तेज प्रकाश यादव के आगमन के बाद सीएस से लेकर सभी चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी काफी चुस्त दुरूस्त दिखे। शनिवार को अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष से लेकर महिला कक्ष तक के बेड पर चादर डाला गया था। हर तरफ स्वास्थ कर्मी साफ सफाई करने व कराने में लगे हुए थे। सड़क, नाले, वार्ड कक्ष से लेकर हर तरफ साफ पर्याप्त सफाई की गयी थी। ्रमंत्री के आगमन के पूर्व पूरा स्वास्थ महकमा सक्रिय होकर अपने कार्य में लगा दिखा। अस्पताल की अचानक बदली व्यवस्था के बारे में मरीज भी कुछ समझ नहीं पा रहे थे। लेकिन जब उन्हें स्वास्थ्य मंत्री के आने के बारे में जानकारी हुई तो मरीजों ने कहा कि अगर मंत्री जी हमेशा आते तो सदर अस्पताल का काया कल्प हो जाता। वैसे स्वास्थ्य मंत्री जिले के दौरे पर आए तो जरुर लेकिन वे सदर अस्पताल आए बगैर ही फुलवरिया चले गये।