बगैर मुआवजा राशि के भुगतान के ही जमीन का अधिग्रहण करने तथा खड़ी फसल को काटकर निर्माण कार्य प्रारंभ किये जाने के विरोध में प्रखंड के बसहां गांव के लोग शनिवार को सड़क पर उतर गये। ग्रामीणों ने मुख्य पथ पर प्रदर्शन कर विरोध प्रकट किया। साथ ही चेतावनी दी कि बगैर मुआवजा राशि दिये अगर निर्माण कार्य जारी रहा तो वे आंदोलन को और उग्र करने को विवश होंगे।
इसके पूर्व शनिवार को प्रखंड के जगदीशपुर पंचायत के बसहां गांव के दर्जनों ग्रामीण शनिवार को एसएच- 90 के किनारे पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी तथा निर्माण कार्य को रोक दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अशोक कुमार यादव ने बताया कि दर्जनों ग्रामीणों का कास्तकारी जमीन एसएच- 90 के दोनों किनारे है। जिसमें लगी खड़ी फसल को बेवजह जेसीबी के सहारे निर्माण के नाम पर बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बगैर सूचना और मुआवजा दिये ही जबरन सरकार द्वारा किसानों की जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। ऐसे में फसल की बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और सीओ इंदू भूषण श्रीवास्तव को आवेदन देकर कार्य को रोकने की गुहार लगायी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि निर्माण कार्य ऐसे ही चलता रहा तो ग्रामीण आंदोलन को और कड़ा करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में मुख्य रूप से परमेश्वर शर्मा, युगल किशोर शर्मा, रमेश महतो, शशि कपूर महतो, रामदेव प्रसाद, सकल देव शर्मा, हीरा लाल महतो, गिरिजा कुंवर, लालबाबु राय सहित दर्जनों लोग शामिल थे।