कार्य में सुस्ती पर बरौली थानाध्यक्ष निलंबित

चोरी की लगातार हो रही घटनाओं की प्राथमिकी दर्ज नहीं करना बरौली थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को महंगा पड़ गया। जब पूर्व विधायक तथा जदयू के प्रदेश महासचिव मंजीत कुमार सिंह के घर के आगे लगे मोटर की चोरी हुई, और घटना की जांच के लिए वरीय पदाधिकारी पहुंचे तो इस बात का खुलासा हुआ। वरीय अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बरौली के थानाध्यक्ष रहे मुकेश कुमार को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही नगर थाने में तैनात अजय कुमार को बरौली के नए थानाध्यक्ष की कमान सौंपी गयी है।

जानकारी के अनुसार बरौली थाना क्षेत्र में हो रही लगातार चोरी की घटनाओं के बाद भी उन मामलों की थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही थी। इस बात को लेकर पीड़ित लोग परेशान थे। इसी बीच रविवार की रात्रि चोरों ने पूर्व विधायक सह जदयू के प्रदेश महासचिव मंजीत कुमार सिंह के घर के आगे लगाये गये जेनरेटर सेट के मोटर की चोरी कर ली गयी। सोमवार को जब इस घटना की जानकारी पुलिस को हुई तो आनन-फानन में मामले की जांच के लिए एसडीपीओ सदर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। घटना की छानबीन के दौरान उन्हें इस बात की जानकारी हुई कि पिछले कुछ समय से बरौली थाना क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं की प्राथमिकी दर्ज ही नहीं की जा रही है। जांच के दौरान इस बात का खुलासा होने के बाद एसपी निताशा गुड़िया ने तत्काल प्रभाव से सुस्ती के लिए थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को निलंबित करते हुए अजय कुमार को बरौली का नया थानाध्यक्ष तैनात कर दिया।

Ads:






Ads Enquiry