राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर बुधवार को आंगनबाड़ी केन्द्रों से लेकर हाई स्कूलों तक में एक साल से 19 साल तक के सभी छात्र-छात्राओं को कृमि नाशक दवा खिलाई जाएगी। इस अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए आधिकारिक स्तर पर कई निर्देश दिये गये हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बुधवार को एक साथ जिले के सभी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केन्द्रों में यह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को लेकर एडीएम विभागीय जांच हेमंत नाथ देव ने बैठक कर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश जारी किया है। एल्बेंडाजोल नामक यह दवा सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्रों को उपलब्ध करा दिया गया है। ताकि दवा खिलाने के समय कोई भी समस्या उत्पन्न नहीं हो सके। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस कार्य में समन्वय के लिए शिक्षा विभाग के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी तैनात किया गया है। साथ ही बीमार बच्चों को यह दवा नहीं खिलाने के निर्देश दिये गये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कृमि नाशक दवा एक साल से दो साल के बच्चे को आधी गोली देने को कहा गया है। जबकि दो साल से 19 साल तक के बच्चे को एक पूरी गोली दी जाएगी। इस अभियान में स्कूल नहीं आने वाले बच्चों को भी शामिल करने को कहा गया है। ताकि प्रत्येक बच्चे को कृमि नाशक दवा की खुराक दी जा सके। इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन डा. एमपी शर्मा ने बताया कि अगर किसी कारण से दस फरवरी के अभियान में कोई बच्चा या छात्र दवा खाने से वंचित रह गया तो उसे दोबारा 15 फरवरी को दवा खिलाई जाएगी।