रिक्ति की अधिसूचना के बगैर अवैध तरीके से आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सेविका व सहायिका के पद पर बहाली के नाम पर फार्म बेचे जाने की सूचना पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने शहर के फार्म बिक्री केन्द्रों की औचक जांच की। जांच के दौरान किसी भी स्टाल पर डीपीओ को फार्म नहीं मिला। हालांकि अधिकारी के पहुंचने की भनक पाकर फार्म बेचने वाले दुकानदार दुकान छोड़कर फरार हो गये।
इसके पूर्व शनिवार को जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रजनीश कुमार राय को सूचना मिली कि बगैर रिक्ति की अधिसूचना के ही अवैध तरीके से कुछ फार्म बिक्री केन्द्रों पर सेविका व सहायिका की बहाली का फार्म बेचा जा रहा है। इस सूचना पर उन्होंने दल-बल के साथ शहर के कलेक्ट्रेट पथ सहित तमाम फार्म बिक्री केन्द्रों की औचक जांच की। जांच के दौरान उन्हें किसी भी दुकान पर फार्म प्राप्त नहीं हुआ। जांच के बाद लौटे डीपीओ ने बताया कि फार्म बिक्री केन्द्रों की जांच के दौरान तमाम दुकानदार दुकान को छोड़कर फरार हो गये। ज्ञातव्य है कि अवैध तरीके से फार्म की बिक्री किये जाने की चर्चा के मद्देनजर यह छापामारी की गयी।