लगातार पांचवें बुधवार को बादलों में धूप छिपी रह जाने से जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में रहा। घने कोहरे के बीच कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। मंगलवार की आधी रात से बढ़े कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगने को विवश हो गए।
जिले में पिछले एक सप्ताह से सर्द हवा के प्रकोप के कारण ठंड का अहसास बढ़ गया है। इस बीच लगातार पांच दिन से कोहरे के कारण दोपहर बाद हल्की धूप निकलने के कारण ठंड का प्रकोप अधिक हो गया है। बुधवार को सर्द हवाओं में कुछ कमी आयी। बावजूद इसके ठंड का असर दोपहर तक दिखा। वहीं मंगलवार की रात से छाने वाला घना कोहरा बुधवार की सुबह 10 बजे तक रहने के कारण वाहनों के चालक भारी मुसीबत में फंस गये हैं। देर रात से शुरू कोहरे का असर सुबह दस बजे तक बने रहने के कारण वाहन चालकों के समक्ष समस्या घटने के बजाय बढ़ती जा रही है। हरेक दिन शाम होने के बाद ठंड का पूरा असर दिख रहा है। कोहरे के कारण आधी रात के बाद सड़क पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार बैलगाड़ी के समान रही। कोहरे के असर से ट्रेन भी विलंब से चलने से यात्रियों की भी परेशानी बढ़ गयी है।
शुक्रवार को खुलेंगे स्कूल
ठंड के कारण जिला प्रशासन ने गुरुवार को आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। जिला शिक्षा कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को पूर्व निर्धारित समय पर स्कूल खुलेंगे।