पोल सहित ट्रांसफार्मर टूट कर गिरने से बिजली बाधित हो जाने से आक्रोशित मीरगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के ग्रामीणों ने रविवार को विद्युत विभाग के जेई का पुतला फूंक कर जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण पोल व ट्रांसफार्मर ठीक कर बिजली की सप्लाई चालू करने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि फतेहपुर गांव में स्थित एक खेत में कुछ समय पूर्व ही पोल और ट्रांसफार्मर लगाया गया था। इसी बीच शनिवार की सुबह अचानक ट्रांसफार्मर सहित पोल टूट कर गिर गया। जिससे फतेहपुर सहित आसपास के गांवों में विद्युत सप्लाई बाधित हो गयी है। उन्होंने बताया कि पोल टूट कर गिरने की सूचना विद्युत विभाग के जेई को दी गयी। इसके बाद भी पोल और ट्रांसफार्मर ठीक कर बिजली सप्लाई चालू करने की दिशा में कोई पहल नहीं की गयी। ग्रामीणों ने कहा कि अगर शीघ्र ही पोल व ट्रांसफार्मर ठीक कर बिजली की सप्लाई चालू नहीं किया जाता है तो वे विद्युत कार्यालय का घेराव करने को बाध्य हो जाएंगे।