हथुआ स्थित सैनिक स्कूल के प्राचार्य कर्नल एसके सिंह ने विद्यालय के मेस संचालक पर धोखाधड़ी व एग्रीमेंट का उल्लंघन करने के साथ करीब एक लाख की संपत्ति लेकर चले जाने के आरोप में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। कांड अंकित करने के बाद पुलिस मेस संचालक की तलाश में लगी है।
दर्ज प्राथमिकी में प्राचार्य कर्नल एसके सिंह ने आरोप लगाया है कि रक्षा मंत्रालय के सैनिक स्कूल सोसायटी के अधीन कार्यरत हथुआ सैनिक स्कूल के करीब एक सौ कर्मियों व 480 छात्रों के खाना के लिए वर्ष 2015-16 में भगवान कंस्ट्रक्शन से एग्रीमेंट किया गया था। इसके अनुसार भगवान कंस्ट्रक्शन को 30 जून 2016 तक खाना व नाश्ता आदि उपलब्ध करना था। लेकिन बगैर सूचना के मेस संचालक संतोष कुमार शाही गत 26 जनवरी को मेस बंद कर गायब हो गया। प्राचार्य ने आरोप लगाया है कि मेस बंद होने की सूचना पर जब उन्होंने उसका निरीक्षण किया तो इस बात का खुलासा हुआ कि मेस से करीब एक लाख का सामान भी गायब है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन में लग गयी है।