मीरगंज नगर के नरइनिया गृह उद्योग में शुक्रवार को पहुंचे हथियार बंद लोगों ने कर्मचारियों का सामान लूट लिया। इस दौरान मैनेजर का भी सोने का चेन लूट कर हमलावर फरार हो गए। इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बताया जाता है कि मीरगंज नगर में अनमोल केसरी का गृह उद्योग कारखाना है। शुक्रवार को आठ दस की संख्या में कुछ लोग कारखाना में घुस गए और हथियार का भय दिखा कर लूटपाट करने लगे। इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने कर्मचारियों को मारपीट कर घायल करने के बाद उनके पास मौजूद सामान लूट लिया। हमलावरों ने अनमोल केसरी के भाई सतालु के गले से सोने का चैन तथा कारखाना में मौजूद नगदी भी लूट लिया। इस घटना को लेकर थाना में मीरगंज नगर निवासी अजय, अजीत, संजय सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।