कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी स्थित चेक पोस्ट पर एक ट्रक की जांच के नाम पर कुछ लोगों ने चालक के साथ मारपीट कर उनके पास मौजूद 57 हजार रुपये नकदी छीन लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। इस घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र के सरस्वती बिहार का निवासी रजनीश कुमार ट्रक पर दवा लादकर गाजीपुर से गोहाटी ले जा रहा था। जैसे ही उनकी ट्रक बलथरी चेकपोस्ट पर पहुंचा, कुछ लोगों ने ट्रक को जबरन रोक लिया। गाड़ी के रुकते ही जांच के नाम पर चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया जाने लगा। जब चालक ने इसका विरोध किया तो जांच के नाम पर गाड़ी रोकने वालों ने उसके साथ मारपीट करने के बाद चालक के पास मौजूद 57 हजार रुपये नकदी छीन ली। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना में संलिप्त छपरा जिले के मशरक थाना क्षेत्र के सनौली गांव के नितेश कुमार सिंह उर्फ लालू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना को लेकर चालक के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसमें गिरफ्तार आरोपी के अलावा अमित सिंह तथा गुंजन सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है।