जादोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर टेंगराही पंचायत के राजवाही गांव में बुधवार की देर शाम चूल्हे से निकली चिंगारी से एक आवासीय झोपड़ी में आग लग गयी। आग की लपटें देख ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। लेकिन आग ने देखते देखते तीन और झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे चारों झोपड़ी सहित हजारों की संपत्ति चल कर राख हो गयी। इस घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार को मौके पर पहुंचे ब्लाक के कर्मचारियों ने नुकसान का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवारों का सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
बताया जाता है कि रामपुर टेंगराही पंचायत के राजवाही गांव निवासी नारद ठाकुर के आवासीय झोपड़ी में बुधवार की देर शाम चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था। इसी बीच तेज हवा के कारण चूल्हे से निकली चिंगारी से पड़ोस के परशुराम ठाकुर के आवासीय झोपड़ी में आग लग गयी। आग की लपटें देख ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। लेकिन तेज हवा के कारण देखते देखते आग ने तीन और घरों को अपनी चपेट में ले लिया। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर जब तक काबू पाया तब तक चारों झोपड़ी और उसके रखे गए हजारों रुपये कीमत के सामान जल कर राख हो गए। जिनकी झोपड़ी जली है उनमें परशुराम ठाकुर, गणेश ठाकुर, राजू ठाकुर सहित चार ग्रामीण शामिल हैं। बताया जाता है कि इस अगलगी की सूचना मिलने पर गुरुवार को पहुंचे ब्लाक के कर्मियों ने नुकसान का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवारों का सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।