दूसरे दिन कदाचार में आठ छात्र निष्कासित

इंटर परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को भी परीक्षा केन्द्रों पर प्रशासनिक स्तर पर पर्याप्त सख्ती दिखी। परीक्षा के दौरान कदाचार के आरोप में विभिन्न परीक्षा केन्द्रों से कुल आठ परीक्षार्थियों को रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद उन्हें थाना पर लाया गया। कदाचार करते पकड़े गये परीक्षार्थियों से जुर्माना राशि की वसूली की गयी।

गुरुवार को परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई। हरेक केन्द्र पर परीक्षा शुरू होने के पूर्व से ही जवान के लेकर दंडाधिकारी तक चौकस रहे। पहले दिन की परीक्षा में 22 परीक्षार्थियों के निष्कासित होने की खबर के बाद छात्रों में इस बात का डर था। सुबह परीक्षा हाल में प्रवेश करने के समय ही अधिकांश केन्द्रों पर छात्रों की चेकिंग की गयी। परीक्षा शुरू होने के साथ उड़नदस्ता टीम के पदाधिकारियों के अलावा एसडीओ सदर मृत्युंजय कुमार व एसडीपीओ मनोज कुमार ने शहर के तमाम परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया। उनके अलावा कई अन्य पदाधिकारियों ने तमाम केन्द्रों का दौरा कर कदाचार करते कई परीक्षार्थियों को पकड़ा। उन्हें तत्काल थाना लाया गया तथा नियमों के अनुसार प्रत्येक निष्कासित छात्र व छात्रा से जुर्माने की राशि वसूल करने के बाद उन्हें मुक्त कर दिया गया। उधर हथुआ अनुमंडल में भी सभी परीक्षा केन्द्रों की एसडीओ प्रमोद कुमार राम ने जांच की। जांच के दौरान हथुआ अनुमंडल में कुल पांच परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित कर दिया गया।

जिला मुख्यालय में तीन निष्कासित

इंटर परीक्षा के दूसरे दिन कदाचार के आरोप में निष्कासित किये गये कुल आठ परीक्षार्थियों में तीन जिला मुख्यालय स्थित परीक्षा केन्द्रों से निष्कासित किये गये। जबकि पांच परीक्षार्थियों को हथुआ अनुमंडल के केन्द्रों से निष्कासित किया गया। हथुआ एसडीओ ने बताया कि परीक्षा के दूसरे दिन चार छात्र व एक छात्रा को कदाचार के आरोप में निष्कासित किया गया।

Ads:






Ads Enquiry