गन्ना उत्पादन में रिकार्ड बनाने वाले सिधवलिया प्रखंड के गोपालपुर गांव निवासी प्रगतिशील किसान राजेंद कुमार सिंह ने प्रतिष्ठित अभिनव किसान पुरस्कार पाकर जिले का नाम रोशन कर दिया है। राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा के कुलपति डा.आरसी श्रीवास्तव ने वहां आयोजित कार्यक्रम में किसान राजेंद्र कुमार सिंह को शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। गोपालपुर गांव निवासी स्वर्गीय जगदीश सिंह के पुत्र राजेंद्र कुमार सिंह एक मध्यवर्गीय किसान हैं। वे बताते हैं कि पहले खेती किसानी में काफी नुकसान होता था। वे काफी निराश हो चुके थे। तभी कुचायकोट स्थित सिपाया कृषि केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डा.राजेंद्र प्रसाद ने उनको सहारा दिया। वे बताते हैं कि कृषि वैज्ञानिक श्री प्रसाद की सलाह और उनके मार्ग दर्शन में उन्होंने खेती में उन्नत विधि अपनी शुरू किया। जिला कृषि विभाग ने भी उनको इसमें काफी सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि उन्नत तकनीकी अपना कर उन्होने एक एकड़ खेत में 626 क्विंटल गन्ना का उत्पादन किया। राजेंद्र सिंह की इस उपलब्धि भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्था ने इन्हें राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित कर चुकी है। किसान राजेंद्र सिंह खेती के साथ ही मत्स्य पालन में भी अपना रिकार्ड बना चुके हैं। इसके लिए भी ये पुरस्कृत किये जा चुके हैं।