मीरगंज थाना क्षेत्र के पीपरा खास गांव स्थित संतोष महतो के बथान पर बंदूक लेकर पहुंचे इसी गांव के एक युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। इसी बीच युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी युवक बंदूक छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने के बद मौके पर पहुंची पुलिस ने बंदूक को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार उंचकागांव थाना क्षेत्र के बलेसरा टोला जरुले हाता गांव का संतोष महतो घर से खाना खाने के बाद पीपरा खास गांव स्थित अपने बथान पर सोने के लिए चला गया। जैसे ही वह बथान पर पहुंचा, वहां बंदूक लिए एक युवक पहुंचा तथा संतोष महतो से उलझ गया। विरोध करने पर युवक को बंदूक दिखा जान से मारने की धमकी दी गयी। इसी बीच संतोष महतो ने अपने बथान पर शोरगुल मचाना शुरु कर दिया। आसपास के लोगों को आता देख बंदूक लेकर पहुंचा युवक हथियार छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से एकनाली बंदूक जब्त कर लिया है। घटना को लेकर संतोष महतो के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसमें पीपरा खास गांव के प्रदीप कुमार गिरी को नामजद किया गया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।