जिलाधिकारी राहुल कुमार ने शनिवार को विकास कार्य की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रखंड में स्टेडियम का निर्माण कार्य कराये जाने के लिए संबंधित अंचल पदाधिकारियों को भूमि चिन्हित करने का कार्य अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को आठ चरण में कराए जाने को लेकर अभी से तैयारियां प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि आज भी आरटीपीएस काउंटर पर तीन हजार से अधिक मामले में लंबित हैं। उन्होंने तमाम आवेदनों का तेजी से निबटारा करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड के प्रभारी पदाधिकारियों को भी काउंटरों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को एमडीएम हरेक विद्यालय में सुचारू तरीके से बने, इसका प्रबंध करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने हिदायत दिया कि किसी भी परिस्थिति में एमडीएम बंद नहीं होना चाहिए। बैठक के दौरान 31 दिसम्बर तक डीजल अनुदान मद में अवशेष राशि का वितरण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मनरेगा को लेकर मानव दिवस सृजन में पर्याप्त सुधार का निर्देश दिया। साथ ही मुख्यमंत्री जिर्णोद्धार योजना का प्रचार प्रसार करने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ तथा सभी बीडीओ व सीओ मौजूद थे।