कल से चलेगा आइपीवी टीकाकरण अभियान
कल बुधवार से पोलियो से डबल सुरक्षा के लिये आइपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। भारत सरकार से संचालित इस टीकाकरण अभियान में बच्चों को निशुल्क टीका लगाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रो पर भी टीका उपलब्ध कराया जाएगा। इस टीकाकरण अभियान को लेकर सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में स्थित एसीएमओ के कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विभागीय पदाधिकारियों ने बताया कि आइपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत नौ दिसंबर को जिले के सभी टीकाकरण स्थल से की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन अमेरिका, इजरायल सहित अन्य देशों में बच्चों को लगाया जा चुका है। पोलियों से डबल सुरक्षा के लिये इस टीकाकरण का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में एक साल से लेकर साढ़े तीन साल तक के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। आइपीवी टीकाकरण जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र पर भी एएनएम बच्चों को लगाएंगी। प्रेस वार्ता में डीआइओ डा.शक्ति कुमार, एसएमओ दिलीप कुमार, डीपीएम अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।
क्या होता है आइपीवी टीकाकरण
आइपीवी टीकाकरण का मतलब इनएक्टिवटेड पोलियो वायरस वैक्सिन है। इस वैक्सिन में तीन प्रकार के पोलियो वायरस को नष्ट करने की क्षमता होती है। यह बच्चों को इंजेक्शन के द्वारा दिया जाएगा। इस वैक्सिन से पोलियो से डबल सुरक्षा मिलेगी। टीकाकरण के लिए पहले ही एएनएम को प्रशिक्षित किया जा चुका है। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इस टीकाकरण का लेकर जागरूक करने की जिम्मेदार आशा कार्यकर्ताओं को सौंपी गयी है।