प्रखंड के हरपुर पंचायत के हरैया गांव में सड़क से ईंटीकरण उखाड़ कर जमीन पर अतिक्रमण किये जाने से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। सड़क उखाड़े जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने इसकी सूचना अंचल अधिकारी को दिया। लेकिन मौके पर अंचल अधिकारी के नहीं पहुंचने से ग्रामीण प्रशासन पर भी अतिक्रमण करने वालों को सरंक्षण देने का आरोप लगाने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग सड़क पर किये गये ईटीकरण को उखाड़ कर अपने घर की चाहरदीवारी बनवा रहे हैं। जिससे गांव से बाहर निकलने का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की सूचना मोबाइल से फोन कर सीओ अशोक शर्मा को दी गयी। लेकिन उन्होंने जिले में हो रही मीटिंग की बात कर मौके पर आने से इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने जमीन की पैमाइश कर अतिक्रमण हटवाने का आश्वासन जरूर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की जमीन पर अतिक्रमण किये जाने से गांव में तनाव की स्थिति बन गयी है। ऐसे में अगर प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं देता है तो कभी भी कोई घटना घट सकती है।