आंतरिक संसाधन समिति की बैठक में एडीएम जगदीश प्रसाद सिंह ने राजस्व वसूली में सुस्ती को लेकर कई विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि कार्य में सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे में 31 मार्च तक हरेक विभाग शत प्रतिशत राजस्व की वसूली का लक्ष्य पूर्ण करें।
इसके पूर्व बैठक के दौरान एडीएम ने हरेक विभाग के राजस्व वसूली की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि परिवहन विभाग को छोड़कर हरेक विभाग राजस्व वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करने में काफी पीछे है। उन्होंने पाया कि परिवहन विभाग ने नवम्बर माह तक कुल लक्ष्य के विरुद्ध नब्बे प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त की है। लेकिन अवर निबंधन, उत्पाद विभाग, वाणिज्य कर विभाग, नगर परिषद गोपालगंज, नगर पंचायत बरौली, मीरगंज तथा कटेया के अलावा माप तौल विभाग, कृषि विभाग, सिंचाई विभाग सहित तमाम विभाग राजस्व वसूली में काफी पीछे हैं। एडीएम ने हरेक विभाग को हिदायत देते हुए कहा कि राजस्व वसूली का लक्ष्य हर हाल में प्राप्त करना अनिवार्य है। ऐसे में इस कार्य को तेजी से पूर्ण किया जाय। एडीएम ने बैठक के बाद बताया कि बैठक में कार्यपालक अभियंता पीएचइडी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला औषधि नियंत्रक तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित कई विभाग के अधिकारी अनुपस्थित थे। उन्हें चेतावनी दी गयी है।