शहर के वीएम मैदान में 24 कुण्लीय गायत्री महायज्ञ को लेकर बुधवार को गाजे बाजे तथा झांकी के साथ कलश यात्रा निकाली गयी। गायत्री ट्रस्ट, शांति कुंज के तत्वावधान में निकली यह कलश यात्रा शहर के विभिन्न चौक चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान यात्रा में शामिल झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कलश यात्रा में शामिल भक्तों के जयकारे के कारण पूरा शहर भक्तिमय बन गया। इसी के साथ ही हरिद्वार के शांति कुंज से आये संतों की उपस्थिति में तीन दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत की गयी।
बुधवार की सुबह से ही कलश यात्रा में शामिल होने के बाद पीला वस्त्र पहने महिलाएं, युवतियों सहित गायत्री परिवार के सदस्य यज्ञ स्थल वीएम मौजूद में पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं की इस भीड़ में एमलएसी आदित्य नारायण पाण्डेय भी मौजूद थे। निर्धारित समय पर गाजे बाजे कलश यात्रा वीएम मैदान से निकली। इस यात्रा में घोड़े व बैंड बाजे भी शामिल रहे। शहर के विभिन्न चौक चौराहों से होकर गुजरी यह कलश यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस दौरान गायत्री माता के जयकारे से शहर का माहौल भक्ति मय बना रहा। कलश यात्रा से भाग ले रहे वाहनों को विशेष तौर से फूलों से सजाया गया था। वाहनों पर गायत्री माता तथा भारत माता की भव्य झांकियां भी शामिल थी। कलश यात्रा में हरिद्वार के विद्वानों की मंडली भी साथ-साथ चलती रही। शहर में भ्रमण के बाद वीएम मैदान में कलश यात्रा के वापस पहुंचने के साथ ही वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच तीन दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत की गयी।