, ,

गश्ती पुलिस के हत्थे चढ़े नट गिरोह के तीन सदस्य

गोपालगंज-सिवान के साथ ही सीमावर्ती उत्तर प्रदेश में लूट डकैती तथा चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस का नींद उड़ाने वाले नट गिरोह के तीन सदस्य मंगलवार की रात गश्ती पुलिस गश्ती के हत्थे चढ़ गए। गश्ती पुलिस ने हथुआ थाना से महज सौ गज दूर जलेबिया मोड़ स्थित एक मोबाइल दुकान का तोला तोड़ कर चोरी कर रहे नट गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 49 मोबाइल सेट, चार बाइक तथा अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस इनकी निशानदेही पर इस गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी अभियान चला रही है।

बताया जाता है कि हथुआ थाना से महज सौ गज दूर जलेबिया मोड़ स्थित बाल्मिकी सोनी के न्यू अंबे मोबाइल दुकान का सोमवार की रात ताला तोड़कर कर चोर चोरी कर रहे थे। तभी रात्रि गश्ती पर निकली पुलिस की नजर उन पर पड़ गयी। बताया जाता है कि पुलिस को देखकर चोर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने इनका पीछा कर सबेया मुसहर टोली निवासी सद्दाम हुसैन नट तथा रसूलपुर गांव निवासी बिट्टू अंसारी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने पुलिस को बताया कि ये नट गिरोह के सदस्य हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने उचकागांव थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी देवेंद्र सिंह के पुत्र प्रिंस सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों के पास से पुलिस ने 49 मोबाइल, चार बाइक सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। इन आरोपियों ने पुलिस को दिये गए बयान में हथुआ गांव निवासी परवेज को अपने गिरोह का सरगना बताया है। सरगना तथा इस गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापामार अभियान चला रही है।

सिवान यूपी में भी देते थे घटना को अंजाम

गश्ती पुलिस के हत्थे चढ़े नट गिरोह के तीनों सदस्य जिले के साथ ही सिवान तथा सीमावर्ती उत्तर प्रदेश में लूट डकैती तथा चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनकी गिरफ्तारी के बाद बुधवार को प्रेस को संबोधित करते हुए हथुआ डीएसपी इम्तेयाज अहमद ने बताया कि नट गिरोह के ये सदस्य लूट डकैती जैसी कई संगीन घटनाओं में संलिप्त हैं। इसका नेटवर्क सिवान जिला तथा उत्तरप्रदेश के इलाकों में भी फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए अपराधियों को जल्द ही सजा दिलायी जाएगी। इस गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापामारी अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का सदस्य प्रिंस सिंह हथुआ के ही कोइरौली में किराये के मकान में रहकर पिछले कई महीने से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने पर डीएसपी ने हथुआ थानाध्यक्ष प्रियव्रत को शबाशी देते हुए कहा कि नट गिरोह का भंडाफोड़ करने वाले गिरीशदेव सिंह तथा पुलिस के जवानों को पुरस्कृत करने के लिए पुलिस अधीक्षक को अनुशंसा की गयी है।

Ads:






Ads Enquiry