शहर के मौनिया चौक पर हुई गोलीबारी में घायल मांझा थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव निवासी रंजन सिंह तथा ललित सिंह के बयान पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धर पकड़ के लिए छापामारी अभियान तेज कर दिया है। बताया जाता है कि बीते बुधवार की देर शाम शहर के मौनिया चौक पर एक पान की दुकान पर मांझा के कोल्हुआ गांव निवासी रंजन सिंह तथा ललित सिंह खड़े थे। तभी एक इन पर फायरिंग कर दी गयी। जिससे गोली लगने से रंजन सिंह व ललित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। लेकिन उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। घायलों के लखनऊ रेफर होने के बाद पुलिस उनका बयान दर्ज करने के लिए लखनऊ पहुंची। दर्ज बयान में घायल रंजन सिंह व ललित सिंह ने पुलिस को बताया कि आपसी रंजिश को लेकर शहर के श्याम सिनेमा रोड़ निवासी सूरज कुमार तथा उसके एक भाई ने उन पर फायरिंग शुरू कर दिया। जिससे गोली लगने से वे घायल हो गए। घायलों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। विदित हो कि इस घटना में आरोपी बनाए गए सूरज कुमार के भाई कपड़ा व्यवसायी गोलू कुमार की बीते अप्रैल माह में गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड में रंजन सिंह व उसके भाई मिलन सिंह को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने तब रंजन सिंह व उसे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व ही रंजन सिंह जेल से छूटा था। उसका भाई मिलन सिंह अभी जेल में ही बंद है।