बीडीओ के जिम्मे होगा मतदाता सूची का विखंडन

विधानसभा निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही पंचायत चुनाव की कवायद प्रारंभ हो गयी है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव का दिशानिर्देश आने के बाद चुनाव को लेकर मतदाता सूची के विखंडन का कार्य 23 नवम्बर से प्रारंभ किया जाएगा। इस कार्य को हर हाल में पांच दिसम्बर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 जनवरी 2016 को किया जाएगा। अगले वर्ष ही मार्च व अप्रैल माह में पंचायत चुनाव होने की संभावना है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग का निर्देश मिलने के साथ ही जिला पंचायत कार्यालय भी चुनाव की तैयारियों में लग गया है। मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला पार्षद, पंच तथा पंचायत सदस्य के चुनाव को लेकर वार्ड स्तर पर मतदाता सूची के विखंडन की तैयारियां शुरु हो गयी है। जिला पंचायत राज पदाधिकारी शंभूनाथ ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मतदाता सूची के विखंडन का कार्य निर्धारित अवधि के अंदर पूर्ण करने का निर्देश जारी किया है। इस निर्देश के अलोक में पंचायत व वार्ड स्तर पर मतदाता सूची को विखंडित किया जाएगा। साथ ही पंचायत व वार्ड स्तर पर मतदाताओं की संख्या का अंतिम प्रकाश किया जाएगा। मतदाता सूची में एक जनवरी 2015 को अहर्ता तिथि मानकर मतदाताओं के नाम प्रविष्ट किये जा सकेंगे।

बदल जाएगा आरक्षण स्वरूप

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अगले साल होने वाले पंचायत निर्वाचन में कई पंचायतों के आरक्षण का स्वरूप भी बदल जाएगा। हालांकि इस बिंदू पर अबतक अंतिम निर्णय का इंतजार है।

यहां प्रकाशित होगा मतदाता सूची

* ग्राम पंचायत प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची संबंधित ग्राम पंचायत व प्रखंड कार्यालय में।

* ग्राम पंचायत निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची संबंधित पंचायत व प्रखंड कार्यालय में।

* पंचायत समिति प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची संबंधित प्रखंड में।

* जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची संबंधित प्रखंड व जिला दंडाधिकारी के कार्यालय में।

मतदाता सूची प्रकाशन का क्या है कार्यक्रम

- 23 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक मतदाता सूची का वार्ड वार विखंडन।

- आठ दिसम्बर को साफ्टवेयर प्रशिक्षण।

- 11 से 21 दिसम्बर तक डाटा बेस की तैयारी एवं प्रारुप मतदाता सूची साफ्ट प्रति की तैयारी।

- 18 से 23 दिसम्बर तक आयोग स्तर पर जांच।

- 28 दिसम्बर से 11 जनवरी तक मतदाता सूची का प्रारुप प्रकाशन।

- 28 दिसम्बर से 18 जनवरी तक दावा व आपत्ति का निराकरण।

- 16 जनवरी को मतदाता सूची में नई प्रविष्टि पर आयोग का अनुमोदन।

- 25 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन।

- 31 जनवरी को मतदाता सूची का मुद्रण।

Ads:






Ads Enquiry