थावे थाना क्षेत्र के जगमलवां पंचायत के जगमलवां गांव स्थित सार्वजनिक जमीन पर गैस एजेंसी का निर्माण किये जाने के विरोध में उग्र ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। एजेंसी का निर्माण कार्य रोकने वाले ग्रामीण इस बात से आक्रोशित थे कि गांव के लोगों के उपयोग में आने वाली जमीन पर इसका निर्माण कराया जा रहा है।
बताया जाता है कि बेदु टोला निवासी सुदामा मांझी द्वारा जगमलवां में गैस एजेंसी का निर्माण कराया जा रहा था। इसी बीच दर्जनों की संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गये तथा निर्माण कार्य के विरोध में हंगामा करने लगे तथा निर्माण कार्य को रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि निर्माण सार्वजनिक जमीन पर किया जा रहा है। हंगामा कर रहे ग्रामीण पुलिस तथा सीओ से पूरे मामले की जांच कराने की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद थावे थानाध्यक्ष पंकज कुमार मौके पर पहुंच गये तथा उग्र ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया। उन्होंने बताया कि गैस एजेंसी का निर्माण सार्वजनिक स्थान पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने गैस एजेंसी के मालिक सुदामा मांझी को निर्देश दिया गया कि वे अपनी ही जमीन में एजेंसी का निर्माण कराएं। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।