रविवार को होने वाली सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना कार्य की तैयारियां पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को जिला निर्वाची पदाधिकारी राहुल कुमार ने विस्कोमान भवन में बनाये गये वज्रगृह का निरीक्षण कर तैयारियों का विधिवत जायजा लिया। उन्होंने गणना के पूर्व हर तैयारियां पूरी कर लेने का निर्देश दिया है। उधर वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ी कर दी गई है। यहां आने-जाने वाले मार्ग की सुरक्षा बल निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा क्लोज सर्किट कैमरे की भी नजर गणना स्थल पर है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मतों की गणना के लिए कुल 330 कर्मियों को लगाया जा रहा है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चौदह टेबल गणना के लिए लगाया गया है। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एआरओ के लिए एक-एक टेबल लगाया जा रहा है। साथ ही निर्वाची पदाधिकारी के लिए भी हरेक विस क्षेत्र में एक-एक टेबल लगाया गया है। मतों की गणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में आरओ व एआरओ सहित कुल 96 टेबल लगाये गये हैं। इनमें मात्र 84 टेबल पर ही मतों की गिनती का कार्य किया जाएगा। गणना कार्य में 110 मतगणना सहायक, 110 मतगणना पर्यवेक्षक तथा 110 मतगणना माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक टेबल के लिए गणना अभिकर्ता
मतों की गणना के दौरान प्रत्येक प्रत्याशी टेबल स्तर पर गणन अभिकर्ता को तैनात कर सकता है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक प्रत्याशी अधिकम चौदह गणना अभिकर्ता को रख सकेगा। मतगणना के लिए बनाये गये टेबल के आसपास तार की जाली लगायी गयी है।
लगाए जाएंगे मजदूर
वज्र गृह से गणना हाल तक ईवीएम आदि को ले जाने के लिए मजदूर लगाए जाएंगे। इन मजदूरों की भी वज्र गृह या इसके पास आने के पूर्व जांच होगी। गणना स्थल पर जाने वाले तमाम मजदूरों को भी पास निर्गत किए गए हैं। इसपर प्रत्येक मजदूर की तस्वीर लगी होगी।
मोबाइल ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध
मतगणना के दौरान गणना हॉल में मोबाइल, कैमरा, माचिस, चाकू तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थ को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। गणना हाल में प्रवेश के पूर्व ही तमाम हरेक व्यक्ति की विधिवत जांच की जाएगी। जांच के बाद ही कर्मी व गणना अभिकर्ता के साथ ही मजदूरों को भी प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए सभी को पास निर्गत किए गए हैं।