कुचायकोट प्रखंड के कोटनरहवां गांव के लोगों ने गांव की लगातार उपेक्षा से त्रस्त होकर विकास के लिए बकायदा समिति का गठन कर लिया गया है। यह समिति गांव के विकास के साथ ही गरीबों को आर्थिक रूप से मदद भी करेगी। समिति के माध्यम से गांव की स्वच्छता से लेकर पेयजल की सुविधा का भी ख्याल रखा जाएगा। साथ ही खुले में शौच को जाने वालों को भी शौचालय बनाने के प्रति प्रेरित करने का कार्य भी समिति के माध्यम से होगा।
कोटनरहवां गांव में गठित की गई आदर्श ग्राम समिति के लिए गांव के गणमान्य लोगों ने खुद अंशदान किया है। अंशदान से गठित यह समिति दीन दुखियों को आर्थिक रूप से मदद करेगी। साथ ही उन्हें रोजगार के लिए प्रेरित करेगी। इसी गांव के निवासी गुड्डू राय ने बताया कि समिति ने सर्व प्रथम गांव को पूरी तरह से स्वच्छ करने का बेड़ा उठाया है। इसके तहत सड़क को स्वच्छ बनाने के साथ समिति के सदस्य खुले में शौच की प्रवृति पर रोक लगाने के लिए पूरे गांव में अभियान चला रहे हैं। समिति में शामिल दर्शन बैठा तथा गोविंद राय ने बताया कि समिति हरेक घर में शौचालय उपलब्ध कराने के लिए अपने स्तर से प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से गांव में स्थित सार्वजनिक तालाब की सफाई के साथ ही अन्य कार्यो को किया जाएगा। ताकि कोट नरहवां गांव आसपास के इलाके में एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित हो सके।