आखिर कहां गए मारे गए अपराधियों के हथियार

थावे थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में शनिवार को एक व्यवसायी से रुपया लूट कर भाग रहे तीन में से दो आरोपियों की पीट पीट कर हत्या करने के बाद अब इस घटना को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। ग्रामीण भाग रहे अपराधियों द्वारा नौ राउंड फायरिंग करने की बात कह रहे हैं। इस फायरिंग में एक बच्चा को गोली लगने का मामला सामने आया है। लेकिन तीनों आरोपियों को पकड़ कर पीटने और दो की पिटाई से मौत होने के बाद भी पुलिस को न तो उनके पास से और ना ही घटनास्थल से ही हथियार मिला। ऐसे में अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर कथित अपराधियों के हथियार कहां गए। नौ राउंड फायरिंग के बाद भी एक बच्चे के हाथ को छूकर निकली गोली से भी इस घटना को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

शनिवार को भैंस खरीदने के लिए आये सिवान जिले के बड़हरिया थाना के माधोपुर मीरा छपरा निवासी रहमततुल्लाह को केशवपुर गांव में लूटने के बाद एक बाइक पर सवार तीन अपराधी भाग रहे थे। तभी गांव में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसी बीच अपराधी फायरिंग करने लगे। जिसमें यासिर अली गोली लगने से घायल हो गया। इस बीच वहां पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। जिससे मौके पर ही दो आरोपी की मौत हो गयी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच उसकी पहचान नगर थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी हीरामन यादव के पुत्र राजेंद्र यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि घायल राजेंद्र यादव नगर थाना में तैनात एक चौकीदार का भतीजा है। हालांकि मारे गए दोनों आरोपियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। इधर इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। इसके साथ ही इस घटना को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। बताया जाता है कि ग्रामीणों ने पुलिस को यह जानकारी दी थी कि अपराधियों ने नौ राउंड फायरिंग की थी। लेकिन तीनों के पकड़े जाने तथा दो आरोपियों की पीट पीट कर हत्या करने के बाद भी पुलिस को न तो उनके पास से और ना ही घटनास्थल से कोई हथियार मिला। पुलिस भी इस घटना को लेकर हर पहलुओं की जांच पड़ताल कर रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से कोई हथियार नहीं मिला है। इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Ads:






Ads Enquiry