मांझा थाना क्षेत्र के सहलादपुर गांव में एक महिला की गला रेत कर की गई हत्या मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। परिजनों के फरार होने से मामला पेचीदा हो गया है। पुलिस कई बिन्दुओ को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। महिला की हत्या मामले में परिजनों का भी हाथ होने से इंकार नही किया जा सकता।
बीते मंगलवार की रात सहलादपुर गांव के पास गन्ना के खेत में एक महिला की गला रेत कर हत्या के बाद शव को फेंक दिया गया था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव ने दल बल के साथ पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव की पहचान सहलादपुर के ही शम्भू साहनी की पत्नी सुगांती देवी(40) के रूप में की गई। बताया जाता है कि पुलिस मृतका के घर पहुंची तो पता चला कि सभी सदस्य घर छोड़ कर फरार हो गए हैं। आसपास के लोगों ने बताया की महिला के परिजन पिछले कई महीने से घर नहीं है। जिससे महिला की हत्या का मामला पेचीदा बनता जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की कई बिन्दुओ पर गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। इसी बीच परिजनों के सामने नहीं आने पर पुलिस ने थाना में रखे गए महिला के शव का बुधवार को उसका पोस्टमॉर्टम कराया।
परिजनों पर भी शक की सुई
महिला की हत्या के बाद परिजनों का फरार होना संदेह के घेरे में है। आसपास के लोगों ने बताया कि हत्यारे की शिकार बनी महिला अपनी बहन के बेटे के साथ कुछ ही माह पहले फरार भी हुई थी। जिसके बाद उसका पति कुछ ही माह पहले घर आया था तथा घर के सारे सामान बेचकर चला गया था। इसके दो दिन बाद ही महिला वापस लौटी थी। जिसके बाद उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। अब पुलिस महिला के बहन के बेटे की भी तलाश कर रही है।
कहते हैं थानाध्यक्ष
महिला के मायके वालों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कई बिन्दुओ को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
सुरेश कुमार यादव, थानाध्यक्ष, मांझा थाना