Sun, 18Sep 2016
मीरगंज थाना क्षेत्र के हरखौली मोहल्ले में जेसीबी के चालक पर हुए जानलेवा हमले की घटना में संलिप्त सिवान जिले के तौसीक राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। करीब एक माह से पुलिस को इस युवक की तलाश थी।
जानकारी के अनुसार गत बीस अगस्त को मीरगंज थाना क्षेत्र के हरखौली पूरब टोला वार्ड संख्या 15 में पहुंचे तीन अपराधियों ने संजय कुमार यादव के दरवाजे पर मौजूद उनके जेसीबी चालक रोहित कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमलावरों ने संजय कुमार यादव को भी जान से मारने की धमकी देने के बाद जाते समय अंधाधुंध गोली चलाकर दहशत फैला दिया था। इस घटना को लेकर जेसीबी के मालिक संजय यादव के बयान पर मीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। कांड अंकित होने के बाद घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि घटना में संलिप्त तौसीक राजा अपने घर में छिपा हुआ है। इस सूचना के बाद पुलिस ने सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के गौसी हाता गांव में छापामारी कर कांड में नामजद तौसीक राजा को गिरफ्तार कर लिया। घटना में संलिप्त अन्य दो आरोपियों की धर पकड़ के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।