भाजपा के पूर्व जिला मंत्री जितेंद्र कुमार राय अब नहीं रहे। बुधवार की सुबह इन्हें एक सांप ने डंस लिया। पहले इन्होंने चूहा या छछूंदर के काटने की बात समझ हल्के से लिया। लेकिन कुछ देर बाद ही सांप के जहर फैलने से ये बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन आनन फानन में इन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही भाजपा नेता ने दम तोड़ दिया। भाजपा के पूर्व जिला मंत्री की सांप काटने से मौत होने की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जाता है कि हथुआ थाना क्षेत्र के सोहागपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार राय भाजपा के पूर्व जिला मंत्री थे। इनके घर में ही डाकघर संचालित होता है। कुछ दिन पूर्व जितेंद्र राय बाबा धाम गए थे तथा दो दिन पूर्व ही वे वहां से अपने घर लौटे थे। बताया जाता है कि बुधवार की सुबह ये अपने घर में स्थित डाकघर में पड़ी चिट्ठियों को बांटने के लिए छांट रहे थे। तभी इन्हें एक सांप ने डंस लिया। लेकिन सांप के डंसने की जानकारी इन्हें नहीं हुई तथा उन्होंने चूहा या छछूंदर द्वारा काटने की बात समझ उसकी अनदेखी की। पर, कुछ देर बाद इन्हें चक्कर आने लगा तथा सांप के जहर से इनकी स्थिति बिगड़ गई। परिजन आनन फानन में इन्हें अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। लेकिन सांप का जहर फैलने से इनकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने इन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल जाते समय रास्ते में ही इनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि भाजपा नेता की पत्नी जिला परिषद चुनाव में प्रत्याशी भी रह चुकी हैं तथा जितेंद्र राय के बड़े भाई आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी हैं । इधर भाजपा नेता की मौत की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।