जिले में हुई विभिन्न घटनाओं में आठ लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के सिहोरवां गांव में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने हमला कर एक ही परिवार के छह लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। बताया जाता है कि सिहोरवां गांव के रामजीतन राम अपने दरवाजे पर बैठकर कुछ काम कर रहे थे। इसी बीच गांव के शिवनाथ राम के नेतृत्व में आधा दर्जन लोग उनके दरवाजे पर पहुंच गए तथा उन्हें गाली-गलौज करने लगे। गाली देने का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्हें बचाने जब राधिका देवी, मिनावती देवी, शम्मा देवी, रज्जा देवी तथा दीनदयाल राम पहुंचे तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। इस संबंध में थाने में दर्ज प्राथमिकी में शिवनाथ राम तथा मुन्ना राम सहित छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। मीरगंज थाना क्षेत्र के ही बसडीला गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने पूनम देवी तथा उनके ससुर कपिलदेव राम को मारपीट कर घायल कर दिया। उधर फुलवरिया थाना क्षेत्र के टड़वा खेमराज गांव में भूमि विवाद में सुरेंद्र भगत को चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया। इस संबंध में थाने में दर्ज प्राथमिकी में अंगद भगत सहित छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।