Gopalganj News: सारण तटबंध में रिसाव के बाद सतर्क हुआ प्रशासन

Sat, 30 July 2016

गुरुवार को कुचायकोट प्रखंड के सिपाया स्थित पालीटेक्निक कालेज के समीप बनाए गए छरकी के टूटने के बाद सारण मुख्य तटबंध पर खतरा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की दोपहर सारण मुख्य तटबंध में रिसाव प्रारंभ होने के बाद अधिकारी बेचैन हो गए। आनन-फानन में बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंताओं की टीम मौके पर पहुंच गई तथा दर्जनों मजदूरों के साथ रिसाव बंद करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को पालीटेक्निक कालेज के समीप छरकी टूटने के बाद कुचायकोट प्रखंड में गंडक नदी का बढ़ता पानी लगातार तबाही मचा रहा है। शुक्रवार की दोपहर अचानक सारण मुख्य तटबंध में शामपुर नानक शाही टोला के समीप अचानक रिसाव होने लगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि तटबंध के सुराख से होकर पानी तेजी से बहने लगा। तत्काल इस बात की सूचना स्थानीय लोगों ने प्रशासन को दी। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद बाढ़ नियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता के अलावा अन्य विभागीय अभियंता मौके पर पहुंच गए। दर्जनों मजदूरों को सुराख से हो रहे रिसाव को बंद करने का प्रयास प्रारंभ किया गया। देर शाम तक अभियंता तटबंध की मरम्मत के कार्य में लगे हुए हैं।

बढ़ाई गई मुख्य तटबंध की निगरानी

सारण मुख्य तटबंध में सुराख के रास्ते पानी का रिसाव होने के बाद मुख्य तटबंध की निगरानी बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी राहुल कुमार ने सभी तटबंधों पर कड़ी चौकसी का निर्देश जारी किया है। ताकि तटबंध के कमजोर पड़ने की सूचना मिलने पर तत्काल उसे बचाने का कार्य प्रारंभ किया जा सके।

Ads:

सम्बंधित खबरें:







Ads Enquiry