Sun, 22 May 2016
पंचायत चुनाव के दौरान रविवार को प्रखंड के खैरा आजम पंचायत के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय खैरा मलिकाना में बने बूथ संख्या छह पर वोट देने को लेकर दो पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान दो महिलाओं के पीट देने से स्थिति बिगड़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस से भी लोग उलझ गए। एक मतपेटी भी लेकर कुछ लोग भाग गए। हालांकि पुलिस के पीछा करने पर लोग मतपेटी छोड़ कर फरार हो गए। मतपेटी को बरामद कर लिया गया है। इस विवाद के बाद ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था।
बताया जाता है कि बताया जाता है कि मुखिया प्रत्याशी सिकंदर साह की मां जोन्ही देवी तथा संपती देव खैरा मलिकाना बूथ संख्या छह पर वोट देने जा रही थी। इस दौरान वोट देने को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया और उन्होंने दोनों महिलाओं को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जाता है कि मारपीट के बाद वहां का माहौल बिगड़ गया। दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। जिसमें कई लोग घायल हो गए। इसी बीच वहां पहुंची पुलिस से भी लोग उलझ गए। इस दौरान कुछ लोग एक मतपेटी लेकर भागने लगे। हालांकि पुलिस के पीछा करने पर वे लोग मतपेटी छोड़ कर फरार हो गए। मतपेटी को बरामद कर लिया गया है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था। इस संबंध में पूछे जाने पर सीओ सह प्रखंड के निर्वाची पदाधिकारी इंदू भूषण श्रीवास्तव ने कहा कि मतपेटी को बरामद कर लिया गया है। मतपेटी लेकर भागने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।