Thu, 05 May 2016
मांझा थाना क्षेत्र के टरवां गांव में चुनावी चर्चा के बीच हुए विवाद के बाद हुई फायरिंग में पांच लोग घायल हो गये। घायल पांचों लोगों को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार मांझा थाना क्षेत्र के टरवां गांव के बाहर स्थित पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर कुछ लोग गुरुवार की दोपहर पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसी बीच प्रत्याशी विशेष को वोट देने को लेकर इसी गांव के जोकती मिश्र तथा धनन्जय मिश्र के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद धनन्जय मिश्र घटना स्थल से घर चले गये। बताया जाता है कि कुछ देर के बाद एक बाइक पर सवार होकर दो लोग मौके पर पहुंच गये तथा आते ही पीपल के नीचे बैठे लोगों पर फायरिंग शुरु कर दी। इस घटना में जोकती मिश्र, भीम मिश्र, सुनील मिश्र, रवि शर्मा तथा उदयभान मिश्र घायल हो गये। पांचों लोगों को घायल करने के बाद बाइक सवार दोनों व्यक्ति भाग निकले। घटना के बाद गांव व परिवार के लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल लोगों को बयान दर्ज किया। दर्ज प्राथमिकी दर्ज में दो लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।