Tue, 24 May 2016
भोरे थाना क्षेत्र के मथौली गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद कई राउंड फायरिंग की गई। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गये। घायल लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार की शाम जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मथौली गांव में पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को लेकर सोमवार की शाम विनोद कुमार पाण्डेय तथा भोला साह के परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। इस बीच दोनों ओर से हुई मारपीट में एक पक्ष से विनोद कुमार पाण्डेय सहित दो लोग तथा दूसरे पक्ष से भोला साह, प्रदीप साह तथा रामबालक साह सहित चार लोग घायल कर दिया। मारपीट के बाद घटना स्थल पर कई राउंड गोलियां चलाई गई। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में नामजद भोला साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस संबंध में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।