Tue, 24 May 2016
दहेज में बाइक व सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर शोभा देवी की उसकी ससुराल के लोगों ने जलाकर हत्या कर दी तथा शव को गायब कर दिया। घटना को लेकर मृत महिला के पिता के बयान पर थाने में शोभा देवी के पति सहित आठ लोगों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार सिवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के जामो मठिया गांव के राजेंद्र गिरी की पुत्री शोभा देवी की शादी गत वर्ष सिधवलिया थाना क्षेत्र के लड़ौली मठिया गांव के आदित्य कुमार गिरी उर्फ गुड्डू गिरी के साथ संपन्न हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर शोभा को उसके पति व ससुराल के लोगों ने दहेज में अपाची गाड़ी व सोने की मांग के लिए प्रताड़ित करने लगे। इसी क्रम में शोभा को कमरे में बंद कर उसके ससुराल के लोगों ने जला दिया। गंभीर हालत में शोभा को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया। पटना में इलाज के क्रम में शोभा देवी की मौत हो गई। घटना को लेकर मृत महिला के पिता राजेन्द्र गिरी के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें आदित्य कुमार गिरी उर्फ गुड्डू गिरी, अवधेश गिरी, आदर्श कुमार गिरी उर्फ बुलेट गिरी तथा उमा देवी सहित आठ लोगों को नामजद किया गया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।