पंचदेवरी प्रखंड में तैनात पंचायत पर्यवेक्षक को धमकाने तथा इसका विरोध कराने पर कार्यालय में पहुंचकर पंचायत चुनाव को लेकर तैयार किये जा रहे प्रपत्र सात को फाड़े जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पंचायत पर्यवेक्षक के बयान पर थाने में दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
घटना को लेकर दर्ज प्राथमिकी में कुचायकोट थाना क्षेत्र के करमैनी मोहब्बत गांव के मूल निवासी तथा पंचदेवरी प्रखंड में पंचायत पर्यवेक्षक के पद पर तैनात भानू प्रताप कुंवर ने आरोप लगाया है कि उनके मोबाइल फोन पर काल कर उन्हें पहले धमकी दी गयी। इसके बाद दो लोग प्रखंड कार्यालय में पहुंच गये तथा उन्हें धमकाते हुए तैयार कराए जा रहे प्रपत्र सात को फाड़ दिया। घटना के बाद उन्होंने इस संबंध में कटेया थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। भानू प्रताप कुंवर के बयान पर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी में कटेया थाना क्षेत्र के छितौना गांव के संजय राय तथा विद्या राय को नामजद किया गया है। इन दोनों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।