थाना क्षेत्र के नेहरुआं गांव के समीप आपसी विवाद को लेकर दो पक्ष के लोगों के बीच हुई मारपीट में एक मुखिया प्रत्याशी सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इस घटना को लेकर दोनों पक्ष के आवेदन पर अलग अलग प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। दर्ज प्राथमिकी में एक पक्ष के थाना क्षेत्र के तिवारी छापर गांव निवासी दुर्गेश्वर कुमार तिवारी ने आरोप लगाया है कि वे लोग नेहरुआं गांव गए थे। इस दौरान मनोज मिश्र और उनके साथियों ने हमला कर उन्हें तथा अंबेश तिवारी, सुरेश कमकर, प्रवेश प्रधान को घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के मनोज मिश्र ने आरोप लगाया है कि उनके भाई उपेंद्र मिश्र मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वे लोग प्रचार करने नेहरुआं गांव की तरफ गए थे। तभी उन पर दुर्गेश्वर मिश्र और उनके साथियों ने हमला कर उन लोगों को घायल कर दिया गया। उनका यह भी अरोप था कि दुर्गेश्वर तिवारी के भाई अंबेश तिवारी भी मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इसलिए प्रसार प्रसार नहीं करने के लिए उन लोगों ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।