पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होने के साथ ही प्रत्याशियों के समर्थको के बीच आपसी विवाद भी बढ़ने लगा है। नामांकन के दौरान प्रत्याशी के समर्थक आपस में तो भिड़ ही रहे हैं। अब नामांकन जुलूस में शामिल नहीं होने के लेकर भी मारपीट के मामले सामने आने लग हैं। ताजा मामला कुचायकोट थाना क्षेत्र के मठिया दयाराम गांव का है। गुरुवार को एक प्रत्याशी के नामांकन जुलूस में शामिल नहीं ़होने पर कुछ लोगों ने एक परिवार के चार लोगों को लाठी डंडा से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल में रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि मठिया दयाराम गांव निवासी राजेंद्र मिश्र की बहू को गुरुवार को पंचायत चुनाव में नामांकन करना था। नामांकन जुलूस में शामिल होने के लिए कुछ लोगों ने उसी गांव के गणेश मिश्र को कहा। लेकिन गणेश मिश्र ने नामांकन जुलूस में जाने से मना कर दिया। बताया जाता है कि नामांकन जुलूस में शामिल होने से इंकार करने से आक्रोश कुछ लोगों ने गणेश मिश्र, मनु मिश्र, सोनू मिश्र, बेबी देवी को लाठी डंडा से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को इलाज के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस घटना को लेकर घायलों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।