Gopalganj News: चार करोड़ रुपये की हुई थी फर्जी निकासी

गोपालगंज-बेतिया पुल निर्माण के दौरान नदी की धारा परिवर्तन के नाम पर चार करोड़ रुपये की फर्जी निकासी करने का सदर विधायक सुबाष सिंह ने आरोप लगाया है। सोमवार को प्रेस को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि पुल निर्माण के दौरान करीब पांच वर्ष पूर्व धारा परिर्वतन करने के नाम पर धरती डेजी कंपनी ने फर्जी तरीके से चार करोड़ रुपये की निकासी कर लिया था। इस निकासी की जानकारी होने पर हमने इस मामले को विधानसभा में उठाया था। विधायक ने कहा कि विधानसभा में इस मामले को उठाने के बाद नौ इंजीनियर को काम से हटा दिया गया था। लेकिन इसके बाद इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी। आज भी यह मामला पेंडिग में है। उन्होंने कहा कि सात साल पूर्व शहर के मिंज स्टेडियम में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव से गोपालगंज व बेतिया को जोड़ने के लिए गंडक नदी पर पुल बनाने की मांग मैंने ही किया था। उनका दावा है कि उनकी मांग पर ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सात वर्ष पूर्व पुल का शिलान्यास किया था। उन्होंने बताया कि पुल जादोपुर से मंगलपुर तक बनाने की योजना थी। लेकिन जादोपुर की जगह पुल को विशुनपुर से बनाया गया। जिससे नदी की धारा रोक कर पुल बनाने से आधा दर्जन गांव नदी में विलीन हो गए। उन्होंने कहा कि पुल का उद्घाटन करने आए मुख्यमंत्री से उन्होंने गंडक नदी के कटाव से विस्थापितों का पुनर्वास करने की मांग की है। इसके साथ ही कटाव को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की भी मांग की गयी है। उन्होने बताया कि उनकी मांग पर मुख्यमंत्री ने भी सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है।

Ads:






Ads Enquiry