सोमवार को बैंक से रुपया निकाल कर जा रहे एक युवक से प्रखंड मुख्यालय के महावीर चौक के समीप बाइक सवार अपराधी 49 हजार रुपया छीन कर फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छापामारी अभियान चला रही है। बताया जाता है कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कबीरपुर निवासी मुखा राय सोमवार को प्रखंड मुख्यालय सिधवलिया स्थित स्टेट बैंक में रुपया निकालने आए थे। बैंक से 49 हजार रुपये की निकासी कर ये महावीर चौक के पास किसी काम से जा रहे थे। इसी बीच पहले से ही इनका पीछा कर रहे एक युवक के साथ ही एक बाइक पर सवार होकर दो अपराधी वहां पहुंच गए और मुखा राय को डरा धमका कर उनके पास मौजूद 49 हजार रुपया छीन कर फरार हो गए। बताया जाता है कि रुपया छीन कर अपराधियों के भाग जाने के बाद युवक ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अपराधियों की धर पकड़ करने के लिए छापामारी अभियान शुरू कर दिया। लेकिन अपराधी पुलिस के हाथ नहीं आए। युवक के आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।