शहर के बंजारी रोड़ स्थित डेल के शो रूम का ताला काट कर लाखों रुपये के लैपटाप चुराने के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। प्रशिक्षु डीएसपी विभाश कुमार के नेतृत्व में जिला पुलिस ने शुक्रवार की शाम मोतिहारी जिले के घोड़ासहन गांव में छापामारी कर एक युवक को गिरफ्तार करते हुए चुराए गए 41 लैपटाप को बरामद कर लिया। इस बरामदगी के बाद
शनिवार को नगर थाना परिसर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि बीते दस फरवरी को शहर के बंजारी रोड़ स्थिति डेल के शो रूम का ताला काट कर चोरों ने 80 लैपटाप को चुरा लिया था। इस चोरी के बाद पुलिस अधीक्षक निताशा गुड़िया के निर्देश पर प्रशिक्षु डीएसपी विभाश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि यह टीम मोतिहारी जिले के घोड़ासहन गांव में पिछले कुछ दिन से रहकर चोरों को गिरफ्तार करने के लिए कैप कर रही थी। शुक्रवार की शाम पुलिस ने इसी गांव के निवासी अब्दुल रहमान के घर छापामारी किया। छापामारी के दौरान पुलिस को वहां से चोरी के पांच लैपटाप बरामद हुआ। चोरी के लैपटाप बरामद होने के बाद पुलिस ने अब्दुल रहमान के पुत्र नेसारुदीन मियां को भी गिरफ्तार कर लिया। इसकी निशानदेही पर पुलिस ने घोड़ासहन गांव में ही एक अन्य घर में छापामारी कर 36 और लैपटाप को बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि इस कांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। इस प्रेस वार्ता के दौरान नगर इंस्पेक्टर विमल कुमार, दरोगा अमित कुमार, उत्तम पासवान, हरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
11 की संख्या में आए थे चोर
शहर के बंजारी रोड़ स्थित डेल के शो रूम में चोरी करने के लिए घोड़ासहन गांव से ग्यारह की संख्या में चोर आए थे। एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने यह स्वीकार किया है कि इस गिरोह के सदस्य चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
क्रिकेट खेल चोरों का पता किया ठिकाना
चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कई रास्ते अपनाए। इस कांड में संलिप्त चोरों की गिरफ्तारी के लिये घोड़ासहन गांव पहुंची पुलिस को चोरों के ठिकाने में बारे में सुराग नहीं मिल पा रहा था। जिसे देखते हुए दो दिन तक पुलिस ने गांव के बच्चों के साथ क्रिकेट खेल कर चोरों के ठिकाना का पता लगाया। चोरों के ठिकाने का पता लगते ही पुलिस ने शुक्रवार की शाम छापामारी अभियान शुरू कर दिया।