पांचवें चरण के पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन दाखिला का कार्य शुक्रवार को समाप्त हो गया। दोनों प्रखंड में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम कचहरी सदस्य तथा ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 912 पदों के लिए कुल 2273 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इस चरण में आगामी दस मई को मतदान कराया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 11 मार्च को सदर प्रखंड तथा उंचकागांव में अधिसूचना जारी की गयी थी। 12 मार्च से 18 मार्च तक चले नामांकन दाखिला कार्यक्रम के दौरान हरेक पद के लिए महिला प्रत्याशियों की संख्या अधिक देखी गयी। जब शुक्रवार को नामांकन दाखिला के कार्य पर विराम लगा तो उंचकागांव प्रखंड के कुल 438 पदों के लिए 1063 तथा गोपालगंज प्रखंड के 462 पदों के लिए कुल 1210 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर चुके थे। इन प्रखंडों में नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों के अंतिम आंकड़े का खुलासा हो सकेगा। बहरहाल दोनों प्रखंड में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति, वार्ड व पंच के पदों के लिए नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया की जा रही है।
कुल 912 पदों पर चुनाव
उंचकागांव व गोपालगंज प्रखंड में कुल 912 पदों के लिए चुनाव आगामी 10 मई को कराया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गोपालगंज प्रखंड में मुखिया व सरपंच के 16-16, पंचायत समिति के 22, ग्राम पंचायत सदस्य व पंच के 210-210 पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इसी प्रकार उंचकागांव प्रखंड में मुखिया व सरपंच के 14-14, पंचायत समिति के 20 तथा वार्ड व पंच के 195-195 पदों के लिए चुनाव कराया जा रहा है।
क्या है आगे का चुनाव कार्यक्रम
पांचवां चरण :- गोपालगंज तथा उंचकागांव प्रखंड
* नामांकन पत्रों की जांच : 21 मार्च।
* नाम वापसी की तिथि : 26 मार्च।
* प्रतीक चिन्ह आवंटन : 26 मार्च।
* मतदान की तिथि : 10 मई।
किस पद के लिए कितने प्रत्याशी
प्रखंड मुखिया सरपंच बीडीसी
गोपालगंज 193 92 161
उंचकागांव 173 64 142
प्रखंड वार्ड पंच
गोपालगंज 523 241
उंचकागांव 448 236