घर से बुलाकर युवती का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज

महिला हेल्प लाइन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर घर से बुलाये जाने के बाद एक युवती का अपहरण कर लिया गया। युवती का सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता ने एसपी को लिखित शिकायत दर्ज करायी। एसपी के आदेश पर घटना की थाने में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दर्ज प्राथमिकी में युवती की हत्या की आशंका व्यक्त की गयी है।

महम्मदपुर थाना क्षेत्र के आजवीनगर गांव के उमेश राय ने घटना को लेकर थाने में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को महिला हेल्पलाइन में नौकरी दिलाने के लिए उसी के गांव की दीपा कुमारी ने 50 हजार रुपये की मांग की थी। अभी वे पैसों का इंतजाम कर ही रहे थे कि उनकी पुत्री को इंटरव्यू के लिए दीपा कुमारी घर से बुलाकर गोपालगंज ले आयी। देर शाम तक जब उनकी पुत्री घर नहीं लौटी तो उसकी खोजबीन शुरू की गयी। लगातार तलाश के बाद भी जब उनकी पुत्री का कोई सुराग नहीं मिला तो थाने में उन्होंने मामले की प्राथमिकी दर्ज करानी चाही। लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई भी कार्रवाई नहीं की। थककर उन्होंने इस संबंध में एसपी को लिखित शिकायत दर्ज करायी। एसपी के निर्देश पर मामले की महम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दर्ज प्राथमिकी में जगरनाथ मांझी, रजान्ती देवी तथा दीपा कुमारी को नामजद किया गया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Ads:






Ads Enquiry