उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की खोरमपुर शाखा में जमा एक लाख से भी अधिक की राशि अवैध तरीके से निकासी किये जाने के मामले में शाखा प्रबंधक तथा कैशियर के विरुद्ध धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन में लग गयी है।
जानकारी के अनुसार महम्मदपुर थाना के टंडसपुर गांव के रामएकबाल राय ने उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की खोरमपुर शाखा में एक लाख पांच हजार की राशि जमा की थी। उन्होंने बैंक से अंतिम बार गत सितम्बर माह में पैसों की निकासी की थी। करीब पांच माह बाद जब वे अपने खाते से पैसा निकालने बैंक में पहुंचे तो उनके खाते में मात्र 948 रुपये की राशि ही शेष थी। जब उन्होंने बैंक के शाखा प्रबंधक व कैशियर से इस संबंध में पूछताछ की तो कुछ भी बताने से इनकार कर दिया गया। थककर वे महम्मदपुर थाना पहुंचे तथा बैंक के कर्मियों व दलालों की मिलीभगत से शाखा प्रबंधक व कैशियर पर राशि की अवैध निकासी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।