बिजली के गलत बिलिंग से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी ने इस मामले को विधानसभा में उठाया। मंगलवार को प्रेस को भेजी गयी विज्ञप्ति में विधायक ने बताया कि गलत बिजली बिलिंग से लोगों को हो रही परेशानी का मामला विधानसभा में उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ठेकेदारों के चंगुल में फंस गया है। जिससे जिन लोगों ने बिजली का कनेक्शन नहीं लिया है, उनके पास भी बिजली का बिल भेजा जा रहा है। कई लोगों को एक ही माह का दो दो बिजली का बिल भेजा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई साल से बाहर रहने वाले लोगों के नाम से भी बिजली का बिल जारी हो रहा है। बीपीएल धारियों के यहां विभाग द्वारा बीस से तीस हजार तक बिजली बिल भेजा रहा है। ऐसे में भुगतान नहीं करने की स्थिति में लोगों को कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा में इस मामले को उठाने पर विधानसभा अध्यक्ष ने इस गंभीर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।