खेतों में लगाएं पापुलर, मिलेगी प्रोत्साहन राशि

वन विभाग की इस योजना से पर्यावरण को तो लाभ पहुंचेगा ही। इसके साथ ही किसानों के लिए भी यह योजना आम के आम गुठली के भी दाम, साबित होगी। हालांकि यह योजना कुछ पुरानी है। लेकिन वन विभाग ने खेतों में पापुलर के पौधे लगाने की अपनी इस योजना को धरातल पर उतारने की कवायद अब तेज कर दी है। इस योजना के तहत वन विभाग किसानों को मुफ्त में पापुलर का पौधा दे रहा है। साथ ही पौधे की देखभाल के लिए तीन साल तक किसानों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इस योजना का लाभ उठाना भी आसान है। किसानों को बस अपनी जमीन की रसीद और पहचान पत्र के साथ वन विभाग कार्यालय में आवेदन देना होगा। वन विभाग आवेदन मिलने के बाद जमीन की जांच कर किसानों की जरुरत के अनुसार उन्हें निशुल्क पापुलर का पौधा उपलब्ध कराएगा।

जिले में पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर सरकारी स्तर पर कई साल पहले से ही प्रयास किये जा रह हैं। मनरेगा के तहत पंचायतो में पौधरोपण करने की योजना चली तो सड़क से लेकर तटबंध के किनारे भी पौधे लगाए गए। लेकिन इसके बाद भी जिले में वन क्षेत्र घटता चला गया। लेकिन अब शायद ऐसा नहीं हो। अब वन विभाग ने पर्यावरण सुरक्षा को लेकर किये जा रहे अपने प्रयास से किसानों को भी जोड़ लिया है। जिला वन पदाधिकारी भोला प्रसाद बताते हैं कि किसानों के सहयोग से उनके खेतों में पापुलर के पौधे लगाने की पहल तेज कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि किसानों को न सिर्फ मुफ्त में पापुलर के पौधे दिये जाने की पहल की गयी है। बल्कि इन पौधों की देखभाल के लिए किसानों को तीन साल तक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अपने खेतों में पापुलर के पौधे लगाने वाले किसानों पौधे की देखभाल करने के लिए दो साल तक प्रति पौधे के हिसाब से दस दस रुपया दिया जाएगा। तीसरे साल प्रोत्साहन राशि के रुप में किसानों को प्रति पौधे पंद्रह रुपया दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो किसान इस योजना का लाभ लेने चाहते हैं वे जिला वन विभाग कार्यालय में अपनी जमीन की रसीद तथा पहचान पत्र की छाया प्रति लगाकर आवेदन दे सकते हैं। आवेदन मिलने के बाद जमीन का निरीक्षण कर किसान की आवश्यकता अनुसार मुफ्त में पापुलर का पौधा दिया जाएगा। साथ ही किसान को लगातार तीन साल तक प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

Ads:






Ads Enquiry