नारेबाजी कर धरने पर बैठे शिक्षक

वेतन भुगतान नहीं होने से आक्रोशित परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ ने सोमवार को जिला शिक्षा विभाग परिसर में नारेबाजी करते हुए धरना दिया। धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष नील मणि शाही ने कहा कि बार बार मांग करने के बावजूद अभी तक वेतन भुगतान शुरु नहीं हो सका है। डीपीओ स्थापना द्वारा उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं देने के कारण खाता लाक हो गया है। लेकिन इसके बाद भी विभाग अभी उदासीन बना हुआ है। उन्होंने एरियर के भुगतान में भी पैसे लेने का आरोप लगाते हुए आरोपी कर्मियों को निलंबित करने की मांग जिला शिक्षा पदाधिकारी से किया। इसके साथ ही एक मुश्त एरियर का भुगतान करने, अप्रशिक्षित शिक्षकों को प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की भी मांग की गयी। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि अगर मांगे पूरी नहीं होती तो शिक्षक आमरण अनशन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। धरना पर बैठने वालों में विजय यादव, दीनानाथ साह, मनोज राय, राजकुमार राम, संग्राम सिंह, सुनिल सिंह, प्रतिमा तिवारी, आशा पाठक, शोभा सिंह, नन्हे सिंह, राजीव मिश्रा, कमलेश कुमार सहित काफी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।

Ads:






Ads Enquiry