राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलबनवां गांव की समीप तेज गति से आ रही बाइक की चपेट में आ जाने से एक किशोरी की मौत हो गयी। इस घटना में बाइक पर सवार युवक के अलावा घायल किशोरी की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलबनवा गांव के त्रिवेणी साह सोमवार की रात्रि अपनी बहू आरती देवी व पोती रिंकी कुमारी के साथ कहीं से पैदल ही घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वे अपने गांव के सामने एनएच 28 को पार करने लगे, तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने आरती देवी व रिंकी कुमारी के शरीर में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के तत्काल बाद बाइक चालक भाग निकलने में सफल हो गया। इस घटना में किशोरी रिंकी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि उसकी मां आरती देवी के अलावा बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल बाइक सवार युवक की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के खजुरी मौजे गांव के चन्देश्वर प्रसाद के रूप में की गयी। चन्देश्वर प्रसाद व आरती देवी को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को लेकर त्रिवेणी साह के बयान पर कुचायकोट थाने में बाइक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।